ब्यूरो रिपोर्ट,
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। पर्व नज़दीक आते ही श्रद्धालुओं ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं, वहीं प्रशासन और स्थानीय संस्थाएँ घाटों की सफाई व निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक छठ घाटों को सजाने-संवारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

पंजवारा स्थित चीर नदी के विभिन्न घाटों सती काली स्थान घाट, हाई स्कूल घाट और पानी टंकी घाट — पर बुधवार से निर्माण कार्य आरंभ हो गया है। इन स्थलों पर महादेव एंक्लेव कंपनी की ओर से घाटों की मरम्मत, सफाई, और व्रतियों के आने-जाने के रास्तों का समतलीकरण किया जा रहा है।
कंपनी के कर्मियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नदी के अन्य किनारों पर भी नए घाट तैयार किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी व्रती को पूजा के दौरान कठिनाई न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार की तैयारी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बेहतर है। सफाई के साथ-साथ सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निर्माण स्थल पर मौजूद समाजसेवी रासमोहन ठाकुर ने बताया कि “छठ महापर्व बिहार की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि व्रतियों को निर्बाध रूप से पूजा-अर्चना करने का अवसर मिल सके।”
