ब्यूरो रिपोर्ट,
अमरपुर प्रखंड के महौता गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ खेलते-खेलते एक बच्चे द्वारा पड़ोस में सो रही सात माह की मासूम बच्ची की आंखों में फेविक्विक डाल दी गई। यह घटना शुक्रवार की संध्या की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, महौता गांव निवासी गणपत मंडल की पुत्री अंजली कुमारी अपने घर में सो रही थी। तभी पड़ोस का एक बच्चा खेलते-खेलते घर के अंदर आया और सोई हुई बच्ची की आंखों में फेविक्विक डाल दिया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुँचे और देखा कि बच्ची की आंखें चिपकी हुई हैं और पास में ही वह बच्चा फेविक्विक लिए खड़ा है।
परिजन तुरंत बच्ची को लेकर अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुँचे, जहाँ चिकित्सक डॉ. रतन रोशन ने काफी प्रयास के बावजूद बच्ची की आंखें नहीं खुलवा सके। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को बेहतर इलाज हेतु भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस तरह के घातक रसायनों को बच्चों की पहुँच से दूर रखने की अपील की है।
