विधानसभा चुनाव 2025 : बाराहाट में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक, निष्पक्ष चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क।

 

बाराहाट,बांका/अंग एक्सप्रेस। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को बाराहाट प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गोपाल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की एक अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बीडीओ ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर चौकसी बरतने, संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि मतदान प्रक्रिया को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए आपसी समन्वय और संवाद अत्यावश्यक है। सभी अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करते हुए हर स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित करनी होगी।

इस दौरान मनरेगा पीओ उमेश सिंह, बाराहाट थानाध्यक्ष महेश कुमार, पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार समेत विभिन्न विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सुविधा, लॉजिस्टिक सपोर्ट और मतगणना केंद्रों की तैयारी पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

थानाध्यक्षों ने बताया कि पूरे प्रखंड क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्ती को और सघन किया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।

बीडीओ गोपाल कुमार गुप्ता ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। किसी भी परिस्थिति में आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि मतदाताओं को निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे ताकि कोई भी मतदाता भयमुक्त माहौल में मतदान कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *