ब्यूरो रिपोर्ट,
रजौन, बांका:
आगामी विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा होते ही बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके साथ ही शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासनिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। रजौन अनुमंडल क्षेत्र में बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था के तहत फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।

रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में बीएसएफ के जवानों और पुलिस बल ने डीएन सिंह कॉलेज से लेकर रजौन पेट्रोल पंप तक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान सड़कों पर गश्त कर रहे जवानों ने लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि वे निर्भीक होकर मतदान करें। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में रजौन थाना के अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह, विनोद कुमार, और मुकेश कुमार, के साथ बड़ी संख्या में बीएसएफ जवान शामिल रहे। इस अवसर पर अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में निडर होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और किसी भी संदेहजनक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
