ब्यूरो रिपोर्ट,
शंभूगंज/बांका:
जैसे ही निर्वाचन आयोग ने सोमवार को विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा की, पूरे राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई। इसके पालन को लेकर मंगलवार को शंभूगंज अंचल में प्रशासन सक्रिय नजर आया।

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शंभूगंज की अंचल अधिकारी (सीओ) जुगनू रानी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, सड़कों के किनारे एवं अन्य स्थानों पर लगाए गए पोस्टर-बैनरों को हटाने की कार्रवाई की गई। सीओ ने बताया कि सरकारी प्रचार-प्रसार से जुड़े सभी बैनर, पोस्टर, होर्डिंग आदि हटाए जा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आचार संहिता के उल्लंघन स्वरूप कोई राजनीतिक प्रचार सामग्री नजर आती है, तो संबंधित व्यक्ति या पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में अंचल निरीक्षक सुबोध कुमार झा, राजस्व कर्मचारी समरजीत सिंह, अमीन दीपक कुमार, शशि कुमार, डाटा ऑपरेटर सुजीत कुमार एवं पुलिस बल के जवान भी उपस्थित थे।
