ब्यूरो रिपोर्ट,
कटोरिया,बांका:
बांका जिले के कटोरिया प्रखंड में रविवार को बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की नींव रखी गई। इस अवसर पर सांसद गिरिधारी यादव ने नारियल फोड़कर कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग से तुरी टोला होते हुए अनाया पेट्रोल पंप तक बनने वाली पीसीसी सड़क का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर करीब 10 लाख रुपये की लागत आएगी।

सांसद यादव ने कहा कि अनाया पेट्रोल पंप के उद्घाटन के दौरान उन्होंने पंप तक की कच्ची सड़क की दयनीय स्थिति देखी थी। स्थानीय स्तर पर पहल नहीं होने पर उन्होंने स्वयं इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से आवागमन में सुविधा होगी और क्षेत्र का विकास तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में अनाया पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर सह बिहार युवा जदयू के प्रदेश महासचिव अजय कुमार तांती ने सांसद और अतिथियों का अंगवस्त्र व बुके देकर स्वागत किया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि दिनेश कुमार यादव, जदयू के वरिष्ठ नेता हरिहर तांती, विवेक रंजन, दिलीप यादव, कमल यादव सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान सांसद यादव ने लोगों से रेलवे में टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “यदि यात्री टिकट नहीं कटाएंगे तो ट्रेनों की संख्या बढ़ाना मुश्किल होगा।” उन्होंने बताया कि उनकी पहल पर कटोरिया स्टेशन पर अगरतल्ला एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित कराया गया है, जिससे यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है।
