ब्यूरो रिपोर्ट,

बांका,बिहार:

 जिले के अमरपुर-शाहकुंड मुख्य मार्ग पर स्थित वैजाचक गांव के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति और उनकी तीन वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना अमरपुर रेफरल अस्पताल को दी।

सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घायलों की पहचान समुखिया गांव निवासी श्याम दास, उनकी पत्नी चुनरी देवी और पुत्री अंशिका कुमारी के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अमित कुमार शर्मा ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में श्याम दास ने बताया कि वे सुल्तानगंज से अपनी पत्नी और बच्ची के साथ बाइक से समुखिया गांव लौट रहे थे। इसी दौरान वैजाचक गांव के पास अचानक एक बकरी सड़क पर दौड़ गई। बकरी को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अमरपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है, क्योंकि इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसों की घटनाएं बढ़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *