शंभूगंज,बांका:
शंभूगंज प्रखंड के प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को कुर्मा, विरनौधा, करसोप सहित कई पंचायतों के दर्जनों विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई उन लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई, जिनमें कुछ स्कूलों में शिक्षकों की अनियमितता और शैक्षणिक गतिविधियों में लापरवाही की बात सामने आई थी।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और शिक्षक उपस्थित पाए गए, कक्षाएं संचालित हो रही थीं और मध्याह्न भोजन का भी समुचित प्रबंधन किया जा रहा था।
हालांकि, बरसात के मौसम में कई विद्यालयों में गंदगी का आलम देखकर प्रभारी पदाधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापकों को फटकार लगाते हुए विद्यालय परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान भूपेंद्र सिंह ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से पढ़ाई की गुणवत्ता के संबंध में बातचीत की। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्कूल को निर्धारित समय पर संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी विद्यालय के खिलाफ भविष्य में कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो जांच उपरांत दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण के बाद शंभूगंज प्रखंड के शैक्षणिक महकमे में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। कई शिक्षकों ने इसे एक सकारात्मक कदम मानते हुए विद्यालयों में सुधार की दिशा में आवश्यक बताया।