बांका (बिहार):
हीरो एशिया कप हॉकी 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी रविवार को अपनी गौरव यात्रा के दौरान बांका जिले में पहुंची। समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने ट्रॉफी का भव्य स्वागत करते हुए उसका अनावरण किया।
इस अवसर पर जिले के एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक ट्रॉफी का अभिनंदन किया। कार्यक्रम स्थल पर खेल भावना और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
जिला खेल पदाधिकारी सत्येंद्र त्रिपाठी ने जानकारी दी कि हीरो एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक बिहार के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल राजगीर स्थित अत्याधुनिक नवनिर्मित खेल परिसर में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में एशिया के आठ प्रमुख देश—भारत, चीन, जापान, कजाखिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे—भाग लेंगे।
समारोह में डीईओ देव नारायण पंडित, समग्र शिक्षा से जुड़े जावेद, नीतीश, मृत्युंजय, शारीरिक शिक्षक पंकज कुमार, चंदन कुमार, महेश चक्रवर्ती, मनोज निरंकारी, हरीश गांगुली, चंद्र कमल, अरविंद मंडल, नीतू कुमारी और रूबी कुमारी सहित विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला खेल संयोजक प्रदीप कुमार ने किया।