बाराहाट(बांका):
घोषपुर मोड़ के पास अपराध की बड़ी योजना बना रहे दो अपराधियों को बाराहाट पुलिस ने एक सघन छापेमारी अभियान में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से जमा हुए हैं। इसके बाद थाना अध्यक्ष महेश कुमार के नेतृत्व में बाराहाट पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और टेक्निकल सेल की सहायता से चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार साह (पिता: स्व. महादेव प्रसाद साह, ग्राम: पिरपैती, थाना: पिरपैती) और अशोक यादव (पिता: स्व. महेंद्र यादव, ग्राम: दिलेरी, थाना: पिरपैती) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई अहम सुराग पुलिस को दिए हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पिरपैती थाना ने भी इस कार्रवाई में बाराहाट पुलिस को सहयोग प्रदान किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस की कड़ी सुरक्षा में थाना लाया गया और बाद में बांका जेल भेज दिया गया।
थाना अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों की मंशा को विफल करने के उद्देश्य से की गई और आगे भी इस प्रकार के अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।