अग्नि सुरक्षा सप्ताह: अदाणी पावर ने गांव-गांव चलाया जागरूकता अभियान.
गोड्डा। अदाणी पावर (झारखंड) लिमिटेड के प्लांट परिसर में 14 अप्रैल से 19 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान कंपनी के फायर डिपार्टमेंट की ओर से न केवल प्लांट परिसर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को आगजनी की घटनाओं से बचाव और सतर्कता के प्रति जागरूक करना था। इसी क्रम में बक्सरा गांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बक्सरा पंचायत की मुखिया पुनिता देवी, ओम कुमार, मनोहर हरि, संतोष ठाकुर, मनेस यादव, महेश मंडल के साथ-साथ अदाणी पावर के सेफ्टी अफसर नवनीत कुमार अपनी टीम सहित मौजूद रहे।
इस दौरान ग्रामीणों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से जागरूक किया गया कि किस प्रकार वे घर या खेत में आग लगने की स्थिति में तुरंत और सुरक्षित कदम उठा सकते हैं।
वहीं, मोतिया गांव में भी इसी तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुखिया अशोक चौधरी, हीरो झा, पंकज यादव, बाबूलाल यादव, गुंजन झा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। फायर सेफ्टी अधिकारी नवनीत कुमार ने उपस्थित लोगों को बताया कि कंपनी की यह पहल केवल एक सप्ताह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सतत जागरूकता अभियान का हिस्सा है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने अदाणी पावर के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से न केवल जानकारी बढ़ती है, बल्कि समय पड़ने पर सही निर्णय लेने में भी सहायता मिलती है।