पी.बी.एस. कॉलेज बांका में प्राचार्य पद का कार्यभार परिवर्तन, डॉ. सुदेश कुमार जायसवाल ने संभाला दायित्व
बांका: पी.बी.एस. कॉलेज, बांका में रविवार को प्राचार्य पद का औपचारिक कार्यभार हस्तांतरण समारोह शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. अरविंद साह ने अपने प्रभार से कार्यमुक्त होते हुए वरिष्ठतम शिक्षक एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुदेश कुमार जायसवाल को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। प्रो. साह अब पी.जी. गणित विभाग में विभागाध्यक्ष के रूप में अपनी शैक्षणिक सेवाएं जारी रखेंगे। डॉ. सुदेश कुमार जायसवाल का स्थानांतरण पी.बी.एस. कॉलेज में 28 नवंबर 2024 को हुआ था। इससे पूर्व वे तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के स्नातकोत्तर भौतिकी विभाग में दो दशकों से अधिक समय तक एक समर्पित, दक्ष एवं लोकप्रिय शिक्षक के रूप में कार्यरत रहे।
डॉ. जायसवाल की शैक्षणिक यात्रा प्रेरणादायक रही है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से भौतिकी में एम.एससी. की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने यूजीसी-नेट (जेआरएफ) परीक्षा उत्तीर्ण की और नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला (National Physical Laboratory) में शोध कार्य किया। वे विज्ञान और पर्यावरण से जुड़ी प्रतिष्ठित संस्था ‘सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट’ से भी जुड़े रहे, जहाँ उन्होंने अंग्रेज़ी पत्रिका ‘डाउन टू अर्थ’ में विज्ञान संवाददाता की भूमिका निभाई।
वर्ष 1996 में उन्होंने टी.एम.बी.यू. के अंतर्गत एक कमीशंड लेक्चरर के रूप में शैक्षणिक सेवा की शुरुआत की और तब से वे विश्वविद्यालय के शिक्षण और शोध क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। भौतिकी के अतिरिक्त, डॉ. जायसवाल की विशेष रुचि अंग्रेज़ी साहित्य, विज्ञान पत्रकारिता और लोकविज्ञान संप्रेषण में भी रही है।
डॉ. जायसवाल के प्राचार्य पद ग्रहण करने से महाविद्यालय को शैक्षणिक नवाचार और प्रबंधन की दृष्टि से नई ऊर्जा मिलने की संभावना जताई जा रही है। उनके नेतृत्व में कॉलेज के अकादमिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. सुरेश बिंद, प्रोफेसर राजेंद्र कुमार, शिखा, प्रदीप मेहतर सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।