राजस्थान निर्मित संगमरमर की भव्य प्रतिमा स्थापित, जिले का पहला ऐसा मंदिर.
बाराहाट (बाँका)। प्रखंड क्षेत्र के डफरपुर गांव में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला, जब नवनिर्मित श्री गणेश मंदिर में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा विधिपूर्वक संपन्न हुई। यह मंदिर अपनी खास विशेषताओं के कारण जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
देवघर से आए वेदज्ञ पंडितों ने संपन्न कराई प्राण प्रतिष्ठा
प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान देवघर से पधारे वेदज्ञ आचार्य अनंत झा की अगुवाई में रविकांत झा, अजीत झा सहित अन्य अनुभवी पंडितों की टीम द्वारा संपन्न किया गया। अनुष्ठान तीन दिनों तक चला, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान शामिल रहे।
लेफ्टिनेंट कर्नल राजीव कुमार सिंह एवं पत्नी मोनिका सिंह बने यजमान
इस दिव्य आयोजन में यजमान के रूप में भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल राजीव कुमार सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी मोनिका सिंह उपस्थित रहे। यह मंदिर उनके दिवंगत माता-पिता, स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह एवं स्वर्गीय सिद्धेश्वरी देवी की स्मृति एवं आशीर्वाद स्वरूप निर्मित किया गया है।
राजस्थान से लाई गई संगमरमर की भव्य प्रतिमा
मंदिर की विशेषता यह है कि इसमें स्थापित गणेश भगवान की विशाल एवं आकर्षक प्रतिमा राजस्थान से निर्मित संगमरमर की है। जिले में इस प्रकार की संगमरमर की प्रतिमा का यह पहला मंदिर माना जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
कलश यात्रा से शुरू हुआ कार्यक्रम, भंडारे के साथ हुआ समापन
अनुष्ठान की शुरुआत पापहरणी सरोवर से कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने भाग लिया। इसके पश्चात भजन-कीर्तन, हवन और आरती का आयोजन किया गया। समापन के दिन विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गांव के गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस धार्मिक आयोजन में नारायण सिंह, पूर्व मुखिया मुन्ना सिंह, विनय कापरी, नरेश साह, टिंकू कुमार, कपिल कुमार, आशुतोष सिंह, नीरज सिंह सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने आयोजन को ऐतिहासिक और अध्यात्म से परिपूर्ण बताया।