बिहार,पटना:

सोमवार को जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय, पटना में महान स्वतंत्रता सेनानी और प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में निशांत कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, उपनेता ललन कुमार सर्राफ, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद सहित अनेक नेताओं की उपस्थिति रही।

मीडिया से बातचीत करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डॉ. लोहिया के विचारों और आदर्शों से गहराई से प्रभावित रहे हैं। वर्ष 2005 में सत्ता संभालने के बाद उन्होंने समाजवादी सोच को नीतियों और कार्यक्रमों के जरिए जमीन पर उतारने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि डॉ. लोहिया की ‘सप्त क्रांति’ में नर-नारी समानता का विशेष महत्व है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत और पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण लागू किया।

निशांत कुमार ने यह भी कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार जातीय हिंसा से जूझ रहा था, लेकिन उसके बाद ‘न्याय के साथ विकास’ की नीति पर चलते हुए राज्य ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *