बिहार,सुपौल:

जिले के 17 पैक्सों के लिए बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान देर शाम तक जारी रहा, जिसमें मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिले में कुल 69 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुपौल प्रखंड में 19, मरौना में 23, प्रतापगंज में 7, त्रिवेणीगंज में 3, सरायगढ़-भपटियाही में 5 तथा पिपरा प्रखंड में 12 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी बूथों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहे।

त्रिवेणीगंज प्रखंड के कोरियापट्टी पूरब पंचायत स्थित मध्य विद्यालय, राजगांव मतदान केंद्र पर भी मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों बूथों पर सुव्यवस्थित तरीके से मतदान कराया गया।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। दंडाधिकारी के रूप में बीपीआरओ मनीष कुमार मीनू मौजूद थे, जबकि सर्किल इंस्पेक्टर सुनील पासवान और थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान एसडीएम अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार और बीडीओ सदरुल हसन ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे चार प्रत्याशियों की किस्मत अब मतपेटियों में बंद हो गई है। मतगणना के बाद ही विजेता का फैसला होगा।

शाम 4:20 बजे तक कुल 2100 मतदाताओं में से 1405 ने मतदान किया, जो लगभग 67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *