पूर्वी चंपारण, बिहार:
चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में सोमवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों को मार गिराया गया, जबकि एक बहादुर पुलिस जवान ने अपनी जान न्यौछावर कर दी।

सूत्रों के अनुसार, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे को घेर लिया। दोनों अपराधियों पर आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज थे।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही इन बदमाशों ने चकिया थाना के अपर थानाध्यक्ष को फोन कर धमकी दी थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए उनकी लोकेशन ट्रेस कर ऑपरेशन चलाया।
रामडीहा गांव में घेराबंदी के दौरान खुद को फंसता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई तेज गोलीबारी में दोनों अपराधी ढेर हो गए।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस जवान श्रीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया और शहीद हो गए।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फरार अपराधियों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है, वहीं पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
