नाला अतिक्रमण को लेकर पंचायत सचिव ने किया निरीक्षण, अंचलाधिकारी को भेजा जाएगा आवेदन।

धोरैया (बांका)। रणगांव पंचायत के रणगांव गांव के वार्ड संख्या 8 में नाला अतिक्रमण के कारण जलनिकासी बाधित होने की शिकायत पर शनिवार को पंचायत सचिव मनीष कुमार राम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सरकारी नाले के मार्ग पर अतिक्रमण कर उसे बंद कर दिया गया है, जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

पंचायत सचिव मनीष कुमार राम ने बताया कि मामला सरकारी जमीन पर अतिक्रमण से जुड़ा हुआ है। कुछ लोगों ने नाले के रास्ते पर कब्जा कर उसे बंद कर दिया है, जिसके कारण पानी की निकासी रुक गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंचलाधिकारी को आवेदन देकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुखिया प्रतिनिधि अजीत सिंह, सरपंच प्रतिनिधि जवाहर पंजियारा, वार्ड सदस्य विक्रांत वैद्य सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने बताया कि नाला बंद रहने से इलाके में पानी जमा हो रहा है, जिससे जलजमाव और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर नाले से अतिक्रमण हटाने और जलनिकासी व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है, ताकि वार्ड के करीब 150 घरों की आबादी को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *