ब्यूरो रिपोर्ट
खगड़िया|
खगड़िया जिले के व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

सूचना मिलते ही एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर एएसपी सह सदर डीएसपी-1 मुकुल कुमार रंजन के नेतृत्व में टाउन थाना अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, चित्रगुप्त नगर थाना अध्यक्ष चंद्रकांत कुमार, पुलिस बल तथा बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा की कमान संभाल ली।
कोर्ट परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। बिना सघन जांच के किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत कोर्ट आने-जाने वाले हर वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है।
संदिग्ध दिखने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान पत्रों की जांच भी की जा रही है। इसके अलावा परिसर के आसपास पड़ी लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
इस संबंध में एसपी राकेश कुमार ने कहा कि सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल को और कड़ा कर दिया गया है। आम नागरिक घबराएं नहीं, पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सुरक्षा और तलाशी अभियान के चलते कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर से वकीलों और मुवक्किलों को बाहर किया गया। हालांकि न्यायिक कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ कोर्ट का कामकाज भी सामान्य रूप से चलता रहे।
सूत्रों के अनुसार, जिस माध्यम से यह धमकी दी गई है, उसकी जांच के लिए पुलिस की टेक्निकल सेल और साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
