ब्यूरो रिपोर्ट
कोलकाता। पिछले साल दिसंबर में अबू धाबी में आयोजित आईपीएल मिनी नीलामी के दौरान न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन और विकेटकीपर टिम साइफर्ट पर ज्यादा फ्रेंचाइजियों ने ध्यान नहीं दिया था। फिन एलन जहां करीब दो करोड़ रुपये में बिके, वहीं टिम साइफर्ट को मात्र डेढ़ करोड़ रुपये में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने अपनी टीम में शामिल किया।

हालांकि टी20 विश्व कप के बाद स्थिति पूरी तरह बदलती नजर आ रही है। न्यूजीलैंड की यह जोड़ी टूर्नामेंट में सबसे सफल ओपनिंग जोड़ी बनकर उभरी है। दोनों के बीच पूरे टूर्नामेंट में 400 से अधिक रनों की साझेदारी हुई, जिसने कई मैचों में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
टूर्नामेंट में टिम साइफर्ट ने 326 रन बनाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में जगह बनाई, जबकि फिन एलन 298 रनों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। एलन ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डेंस स्टेडियम में मात्र 33 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाकर टी20 विश्व कप का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इसके साथ ही वह न्यूजीलैंड के लिए भी सबसे तेज टी20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
ऐसे में माना जा रहा है कि आगामी आईपीएल सत्र में यही दोनों खिलाड़ी केकेआर के लिए पारी की शुरुआत कर सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों से टीम की ओपनिंग जोड़ी लगातार चिंता का विषय रही है। टीम ने कई मौकों पर सुनील नारायण को भी ओपनिंग में भेजकर समस्या का समाधान तलाशने की कोशिश की, लेकिन यह स्थायी हल साबित नहीं हो पाया।
अगर एलन और साइफर्ट टी20 विश्व कप वाली फॉर्म को आईपीएल में भी जारी रखते हैं, तो केकेआर की ओपनिंग की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।
इन दोनों के अलावा केकेआर ने पिछली नीलामी में न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र को भी दो करोड़ रुपये में खरीदा था। रवींद्र ने विश्व कप में शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 विकेट झटके। आईपीएल में वह सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती के साथ मिलकर टीम की स्पिन आक्रमण को और मजबूत बना सकते हैं।
आईपीएल का आगामी सत्र 28 मार्च से शुरू होने वाला है। टूर्नामेंट को लेकर सभी फ्रेंचाइजियां तैयारियों में जुट गई हैं। केकेआर के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ 17 मार्च को कोलकाता पहुंचेंगे, जबकि 18 मार्च से टीम अपना अभ्यास सत्र शुरू करेगी।
