ब्यूरो रिपोर्ट
पटना: राजधानी पटना से प्यार, भरोसे और रिश्तों को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पटना के पटेल नगर की रहने वाली एक युवती ने अपने प्रेमी राहुल कुमार पर धोखा देने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि राहुल कुमार ने करीब आठ साल तक शादी का वादा कर उससे रिश्ता बनाए रखा, लेकिन 9 मार्च को चुपचाप किसी दूसरी युवती से शादी कर ली।

पीड़िता के अनुसार, जब उसे राहुल की शादी की जानकारी मिली तो वह पूरी तरह टूट गई। उसका आरोप है कि इतने लंबे समय तक संबंध में रखने के बाद युवक ने अचानक उसे धोखा देकर दूसरी शादी कर ली।

बताया जा रहा है कि आरोपी राहुल कुमार फिलहाल सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया में थानाध्यक्ष के पद पर तैनात हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें थाना प्रभारी और उनकी कथित प्रेमिका साथ नजर आ रहे हैं।

न्याय की मांग को लेकर पीड़िता ने सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा पटना के शास्त्री नगर थाना में भी इस मामले को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

पीड़िता का कहना है कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा, वह अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हालांकि इस पूरे मामले में अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *