पंजवारा चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई: ई-रिक्शा से 135 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

पंजवारा (बांका):

पंजवारा थाना पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ई-रिक्शा से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि पुलिस को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार पंजवारा चेकपोस्ट पर पुलिस द्वारा नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में झारखंड की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही ई-रिक्शा चालक घबराकर वाहन को सड़क किनारे छोड़कर भाग निकला। चालक की इस हरकत से पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद ई-रिक्शा की सघन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ई-रिक्शा के सीट बॉक्स के नीचे गुप्त तरीके से छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कुल 135 बोतल विदेशी शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा लगभग 54.735 लीटर बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने शराब सहित ई-रिक्शा को जब्त कर थाना लाया।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात शराब तस्कर के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस फरार तस्कर की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में वाहन जांच अभियान को और सख्त कर दिया गया है ताकि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *