पुलिस सप्ताह के अवसर पर पंजवारा में रोमांचक फैंसी क्रिकेट मैच
अंतिम गेंद तक चला मुकाबला, प्रशासन एकादश ने एक रन से दर्ज की जीत।
पंजवारा,बांका/अंग एक्सप्रेस । बिहार पुलिस सप्ताह के उपलक्ष्य में बुधवार को पंजवारा में थाना परिवार के सौजन्य से एक भव्य फैंसी क्रिकेट मैच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह रोमांचक मुकाबला प्लस टू हाईस्कूल पंजवारा के खेल मैदान में खेला गया, जहां प्रशासन एकादश और प्रेस व जनप्रतिनिधि एकादश की टीमें आमने-सामने थीं। मैच को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी दर्शक मैदान में उपस्थित रहे।
निर्धारित 12-12 ओवर के इस मुकाबले में टॉस जीतकर प्रशासन एकादश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। शुरुआती ओवरों में कुछ विकेट गिरने के बावजूद टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। महज पांच ओवर में पांच विकेट गंवाने के बाद भी बल्लेबाजों ने शानदार वापसी करते हुए 157 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राजीव कुमार ने सर्वाधिक 58 रनों की दमदार पारी खेली, जिसने मैच का रुख बदल दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस व जनप्रतिनिधि एकादश की टीम ने भी शानदार खेल दिखाया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और मैच अंतिम ओवर की अंतिम गेंद तक पहुंच गया। जीत के लिए जरूरी रन बनाने के प्रयास में अंतिम गेंद पर छक्का भी लगाया गया, लेकिन टीम एक रन से मुकाबला हार गई। इस रोमांचक क्षण ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
प्रशासन एकादश की कप्तानी पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने संभाली, जबकि प्रेस व जनप्रतिनिधि एकादश का नेतृत्व सबलपुर पंचायत के मुखिया निखिल बहादुर सिंह ने किया। मैच के उपरांत दोनों टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंपायर की भूमिका रासमोहन ठाकुर ने निभाई। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राजीव कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस पदाधिकारी पुअनि हीरालाल मांझी को विशेष रूप से अंगवस्त्र एवं शाल ओढ़ाकर पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार तथा धनकुंड थानाध्यक्ष सूरज कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस एवं समाज के बीच बेहतर संबंध और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।
पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और पुलिस सप्ताह के इस कार्यक्रम ने पुलिस व आमजन के बीच सकारात्मक संवाद को और सुदृढ़ करने का कार्य किया।


