ब्यूरो रिपोर्ट
गोड्डा, अंगएक्सप्रेस।
मंगलवार सुबह गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर रामनगर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में सदर अस्पताल गोड्डा में कार्यरत (सेवानिवृत्त) ड्रेसर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामनगर निवासी श्रीकांत राउत के रूप में हुई है। वे गोड्डा सदर अस्पताल में ड्रेसर के पद पर लंबे समय तक कार्यरत रहे थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपनी सेवाएं दे रहे थे और क्षेत्र में एक मिलनसार एवं कर्तव्यनिष्ठ स्वास्थ्यकर्मी के रूप में जाने जाते थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह वे रोज़ की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात हाईवा चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। श्रीकांत राउत की असामयिक मृत्यु से स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।
