मांगों को लेकर बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ का एकदिवसीय धरना, समाहरणालय गेट पर किया प्रदर्शन। - ANG EXPRESS NEWS

मांगों को लेकर बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ का एकदिवसीय धरना, समाहरणालय गेट पर किया प्रदर्शन।

बांका | अंग एक्सप्रेस न्यूज़

विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के आह्वान पर मंगलवार को राजस्व कर्मचारियों ने बांका समाहरणालय के मुख्य गेट के पास एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारियों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

धरना को संबोधित करते हुए संघ के जिला अध्यक्ष मधेश कुमार ने कहा कि राजस्व कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें वर्षों से लंबित हैं। बार-बार ज्ञापन और आश्वासन के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की अनदेखी से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा है, जिसका सीधा असर आम जनता पर भी पड़ रहा है।

जिला सचिव लोकेश कुमार ने कहा कि राजस्व कर्मचारियों पर लगातार कार्यभार बढ़ाया जा रहा है, लेकिन उसके अनुपात में संसाधन, सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संघ आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।

धरना स्थल पर मौजूद संघ के राज्य उपाध्यक्ष हरिनंदन कुमार ने कहा कि राज्य स्तर पर भी संघ द्वारा लगातार कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग राज्य प्रशासन की रीढ़ है और कर्मचारियों की उपेक्षा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

धरना में संघ के कोषाध्यक्ष शंभू कुमार सहित राजनंदनी कुमारी, बबीता कुमारी, पंकज कुमार, प्रेम शंकर कुमार, आशुतोष कुमार, मुन्नाराम, राहुल कुमार, अमित कुमार एवं जिले के विभिन्न अंचलों से आए समस्त राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित पदाधिकारी को मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पदाधिकारी ने मांगों पर विचार करने तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *