हाईवा से 3474 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
बौंसी,बांका | अंग एक्सप्रेस न्यूज।
बुधवार की सुबह बौंसी पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईवा वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को Royal Stage ब्रांड की कुल 386 कार्टून, लगभग 3474 लीटर अंग्रेजी शराब हाथ लगी है। मौके से हाईवा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक हाईवा वाहन हंसडीहा से भागलपुर की ओर अवैध अंग्रेजी शराब लेकर जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बांका के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बौंसी-02 इन्द्रजीत बैठा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम साझोतरी के समीप वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध हाईवा वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH02 23828) को रोका गया और विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान हाईवा के अंदर छुपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से हाईवा चालक राजेश कुमार (उम्र लगभग 24 वर्ष), पिता बालबीर यादव, निवासी पिपड़पाती, थाना नगर, जिला नवादा को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही शराब, हाईवा वाहन और चालक का मोबाइल फोन भी जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में बौंसी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं, शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए छापेमारी जारी है।
छापामारी दल में बौंसी थाना अध्यक्ष पु०नि० राजरतन, पु०अ०नि० राकेश कुमार, अनीश बिहारी, ऐश्वर्या राय, प्रपु०अ०नि० पवन कुमार, स०अ०नि० शंभु कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
