महाराणा–बाराहाट मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बंगाल के मजदूर की मौके पर मौत।
बाराहाट, बांका| अंग एक्सप्रेस न्यूज़
बुधवार को महाराणा–बाराहाट मुख्य मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान खुर्शीद (पिता– सैयाब), उम्र लगभग 49 वर्ष, निवासी काशीपुर गांव, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खुर्शीद महाराणा की ओर से बाराहाट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खुर्शीद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना को लेकर छानबीन की जा रही है। ट्रक चालक से पूछताछ जारी है और मृतक के परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
