मकर संक्रांति पर RSS सेवा विभाग दुमका ने जरूरतमंद बच्चों के बीच बांटी खाद्य सामग्री व थर्मस।
दुमका | अंग एक्सप्रेस न्यूज।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सेवा विभाग, दुमका द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़ा सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नेत्रहीन विद्यालय, बाल गृह एवं अनाथ आश्रम में रह रहे बच्चों के बीच तिलकुट, लाई सहित अन्य खाद्य सामग्री और स्वच्छ पेयजल के उपयोग हेतु थर्मस का वितरण किया गया।

यह सेवा कार्यक्रम शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर संपन्न हुआ। एक केंद्र पर लगभग 10 से 12 आवासीय बच्चों को सामग्री दी गई, जबकि दूसरे केंद्र पर करीब 40 से 50 बच्चों के बीच वितरण किया गया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में जिला संघचालक गणेश अग्रवाल, नगर संघचालक मनोज सिंघानिया, जिला सह सेवा प्रमुख राजू सिंह, जिला प्रचार प्रमुख तपन पाल एवं इंजीनियर के. एन. सिंह की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मकर संक्रांति सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है। समाज के वंचित और अनाथ बच्चों के साथ त्योहार मनाकर उन्हें अपनापन और सम्मान देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक चेतना को मजबूत करने वाला कदम बताया।
