पंजवारा थाना में पुलिस-जन संवाद, एसपी ने सुनी जनता की फरियाद, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

पंजवारा,बांका| थाना परिसर में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार के माध्यम से पुलिस और आम लोगों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने की। इस अवसर पर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखे।

oplus_131072

जनता दरबार में रखी गई हर शिकायत को एसपी ने गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी फरियादी के साथ लापरवाही या अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में पहुंचने पर पंजवारा थाना पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पंचायत के मुखिया भोला पासवान ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया। जनता दरबार में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, सर्किल इंस्पेक्टर कृष्णनंदन सिंह सहित कई वरीय व कनिष्ठ पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

oplus_131104

जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने भूमि विवाद, आपसी तनाव, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, सड़क सुरक्षा और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। इस पर एसपी ने पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार को निर्देशित किया कि सभी मामलों की जांच गंभीरता से करते हुए शीघ्र समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाए।

सभा को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने कहा कि “सरकार चाहती है कि पुलिस जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सीधे समझे। जनता का भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में जाकर युवाओं को जागरूक भी कर रहे हैं।

एसपी ने साइबर अपराध को वर्तमान समय की बड़ी चुनौती बताते हुए आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशीले पदार्थ समाज और भविष्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।

जनता दरबार में गिरधारी सरावगी ने रात्रिकालीन पैदल गश्ती बढ़ाने का सुझाव रखा, जबकि वाल्मीकि भगत ने तेज रफ्तार और लहरिया कट बाइक चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर मुखिया भोला पासवान, सरपंच मुकुंद दास, पूर्व जिला परिषद सदस्य विजय किशोर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रासमोहन ठाकुर, रमेश मंडल, दुर्गेश मिश्रा, रामजी भगत, महेश मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *