ब्यूरो रिपोर्ट
युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित युवा शक्ति पुस्तकालय में बुधवार को नए सदस्यों के नामांकन हेतु जांच परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए कुल 120 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था, जिनमें सभी अभ्यर्थी निर्धारित समय पर उपस्थित हुए।

परीक्षा पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं अनुशासित माहौल में संपन्न कराई गई। अभ्यर्थियों को 50 अंकों का प्रश्नपत्र दिया गया, जिसमें सामान्य अध्ययन, गणित एवं तर्कशक्ति से संबंधित प्रश्न शामिल थे। परीक्षा का उद्देश्य अभ्यर्थियों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान एवं तार्किक सोच का आकलन करना था।
जांच परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया, जिसके आधार पर 29 छात्र-छात्राओं को पुस्तकालय में नामांकन हेतु सफल घोषित किया गया। वहीं, 6 अभ्यर्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर अवसर प्रदान किया जाएगा।
पुस्तकालय प्रबंधन ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों का विधिवत नामांकन तीन जनवरी से युवा शक्ति पुस्तकालय परिषद में प्रारंभ किया जाएगा। चयनित सदस्यों को पुस्तकालय की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें।
जांच परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पुस्तकालय अध्यक्ष राजीव कुमार झा के नेतृत्व में परितोष पारस, मुकेश कुमार सिंह, अमित सिंह, विश्वजीत कुमार, निर्मल कुमार, कुंदन रजक, शालिग्राम कुमार, प्रशांत कुमार, सुशील कुमार एवं आरती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
