ब्यूरो रिपोर्ट
भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को बांका नगर स्थित मंडल भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह विधायक रामनारायण मंडल ने अटल बिहारी वाजपेई के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए रामनारायण मंडल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत थे। उनके विचार, ओजस्वी वाणी और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि आज देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त नेतृत्व प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना छह अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में हुई थी। कठिन परिस्थितियों में उन्होंने पार्टी को मजबूत किया और कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास का संचार किया। कार्यकर्ताओं के प्रति उनका अटूट विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत रहा है, जिसके कारण आज पार्टी देश और कई राज्यों में एनडीए के रूप में सरकार चला रही है।
रामनारायण मंडल ने बताया कि जिस भाजपा कार्यालय में आज श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, उसका उद्घाटन स्वयं अटल बिहारी वाजपेई ने किया था। साथ ही कार्यालय परिसर में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण भी अटल जी द्वारा किया गया था, जो बांका जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने अटल जी के बांका से विशेष लगाव को याद करते हुए कहा कि वीर शहीद सतीश की जन्मस्थली खड़हारा गांव में आयोजित कार्यक्रम में अटल जी स्वयं पहुंचे थे। उस दौरान तेलिया हाई स्कूल मैदान में कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण का ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला था।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का गांव और किसानों से गहरा जुड़ाव था। उनके कार्यकाल में स्वर्णिम चतुर्भुज योजना तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना जैसी ऐतिहासिक योजनाओं से देश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
अंत में उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जैसे महान राजनेता युगों में विरले ही जन्म लेते हैं। भाजपा उनकी जयंती को पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मनाती है और उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
मौके पर महेश गुप्ता, उपेंद्र चौधरी, सुभाष साह, रिपु सुदन सिंह, पंकज घोष, राहुल गुप्ता, विकास चौरसिया, पंकज दास, सुनील चटर्जी, संजय झा, प्रमोद मंडल, सुबोध झा, शंकर चौधरी, आशीष सिंह, विकास मंडल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
