ब्यूरो रिपोर्ट
रजौन,बांका:

धोरैया विधायक मनीष कुमार ने शनिवार को प्रखंड के बरौनी गांव के समीप कतरिया-राजदांड़ नदी के दो मुहाने पर निर्माणाधीन वीयर एवं क्रॉस रेगुलेटर (चेकडैम) योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 29 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना का निर्माण कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि यह योजना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान प्राथमिक सूची में शामिल थी तथा इसका शिलान्यास स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और पारदर्शिता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मौके पर जल संसाधन विभाग के एसी प्रभु नारायण सिंह, कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार, सहायक अभियंता नीरज कुमार, कनीय अभियंता संदीप कुमार, विमल कुमार तथा संवेदक बीरमपुर कंस्ट्रक्शन के साइड इंचार्ज कुणाल कुमार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधायक का स्वागत फूल-माला व बुके देकर किया।

कार्यपालक अभियंता के हवाले से साइड इंचार्ज कुणाल कुमार ने बताया कि परियोजना को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य है, हालांकि इसे जून–जुलाई 2026 से अक्टूबर–नवंबर 2026 के बीच पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके साथ ही नदी के मुहाने से लगभग 4.5 किलोमीटर तक उड़ाही कार्य भी कराया जाएगा।

परियोजना के पूर्ण होने से बांका और भागलपुर जिले के 84 मौजों के किसानों को सिंचाई की वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। विधायक मनीष कुमार ने कहा कि यह योजना किसानों के हित को ध्यान में रखकर लाई गई है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण कार्यक्रम से पूर्व विधायक मनीष कुमार ने खैरा गांव में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया तथा बरौनी गांव स्थित शीतला स्थान पर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने गांव की गलियों से पैदल भ्रमण करते हुए स्थानीय लोगों से संवाद किया और नदी मुहाने पर बन रहे वीयर एवं क्रॉस रेगुलेटर कार्य का निरीक्षण किया। बाद में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रखंड जदयू अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि धोरैया विधानसभा क्षेत्र में विधायक द्वारा करीब 1200 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया गया है। इसी तरह जल संसाधन एवं सिंचाई विभाग से जुड़े कार्यों की देखरेख की जिम्मेदारी जदयू के वरिष्ठ नेता कौशल किशोर को सौंपी गई है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जदयू नेता, किसान एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राजेश्वर सिंह, विभाष चंद्र चौधरी, श्रीकांत रजक, अंजनी कुमार चौधरी, मुकेश उर्फ विनोद सिंह, संजय पंडित, कौशल किशोर सिंह सहित 84 मौजों के किसान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *