ब्यूरो रिपोर्ट
चांदन,बांका:
प्रखंड मुख्यालय स्थित आईटी भवन के सभागार में शुक्रवार को मतदाता सूची में व्याप्त विसंगतियों के निराकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार ने की। इसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान बीडीओ ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि छूटे हुए योग्य मतदाताओं के नाम एवं पते का भौतिक सत्यापन कर उन्हें शीघ्र मतदाता सूची में जोड़ा जाए। साथ ही जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनका नाम अब भी सूची में दर्ज है, ऐसे नामों को तत्काल प्रभाव से विलोपित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, उम्र सहित अन्य प्रकार की त्रुटियों को भी जल्द से जल्द सुधारने पर विशेष बल दिया गया। बीडीओ ने कहा कि निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेश ठाकुर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सौरभ सिंह, कृषि समन्वयक मृत्युंजय राय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
