ब्यूरो रिपोर्ट
बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत लाभ नहीं मिलने से पीरपैंती में असंतोष देखने को मिला। गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीरपैंती जीविका कार्यालय पहुंचकर योजना की प्रथम किस्त की राशि नहीं मिलने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

महिलाओं का कहना है कि योजना के तहत रोजगार प्रारंभ करने के लिए ₹10,000 की प्रथम किस्त दी जानी है, जबकि रोजगार शुरू होने के बाद आकलन के आधार पर दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का प्रावधान है। बावजूद इसके पात्र होने के बाद भी उन्हें अब तक कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि वे पिछले चार महीनों से लगातार जीविका कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। आक्रोशित महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र राशि का भुगतान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगी।
मामले को लेकर जीविका कार्यालय के बीपीएम मो. जाहिद इमाम ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है और बहुत जल्द लाभार्थियों के खातों में योजना की राशि भेज दी जाएगी।
