ब्यूरो रिपोर्ट
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के निर्देशानुसार बांका जिले में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने हेतु व्यापक स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में सोमवार को रजौन प्रखंड अंतर्गत हरचंडी-अमहारा पंचायत के हरचंडी गांव में सीडीपीओ चंचला कुमारी के नेतृत्व में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका-सहायिका, महिला पर्यवेक्षिका, जीविका दीदी तथा ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराया।
अभियान के दौरान सेविकाओं ने जोशीले नारे लगाए
“लोकतंत्र का यह है मान, सब करें मिलकर मतदान, पहले मतदान, फिर जलपान, मतदान हमारा अधिकार है, बेहतर भविष्य का आधार है और एक वोट, एक जिम्मेदारी मजबूत बने लोकतंत्र की नींव हमारी।
इन नारों से पूरे क्षेत्र का वातावरण लोकतांत्रिक उत्साह से भर उठा।
महिलाओं व किशोरियों ने मेहंदी और रंगोली के माध्यम से भी 11 नवंबर को मतदान अवश्य करें’ का संदेश दिया। रंगोली में आकर्षक नारों व प्रतीकों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों से चुनाव और संविधान से संबंधित दस प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। विजेताओं में पूनम कुमारी, राधिका कुमारी, रेशम कुमारी, पवन कुमार, अनुपम कुमारी, रूपम कुमारी और हनी पाल शामिल रहे।
इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं मतदान करेंगे बल्कि दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में सीडीपीओ चंचला कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका मंजू कुमारी, जीविका दीदी रेशमा कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका राधिका कुमारी, पूनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित थे।
