गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता — साईबर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार, आईफोन व एटीएम कार्ड बरामद।

गोड्डा/अंग एक्सप्रेस। नगर थाना पुलिस ने साईबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो लोगों से ऑनलाइन ठगी करने के काम में लिप्त था। नगर थाना प्रभारी ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।

थाना प्रभारी के अनुसार, बीते मंगलवार की शाम गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम सरोतिया में एक व्यक्ति पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल के माध्यम से साईबर ठगी की गतिविधियों में शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हरदयाल मंडल (35 वर्ष), पिता स्व. रामजीवन मंडल, निवासी कसवा, गोड्डा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक आईफोन, एक रेडमी मोबाइल फोन और तीन एटीएम कार्ड बरामद किए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी इन मोबाइल और एटीएम कार्डों का उपयोग अलग-अलग बैंकों से जुड़ी ठगी की गतिविधियों के लिए करता था। वह भोले-भाले लोगों को बैंक अधिकारी बनकर कॉल करता और ओटीपी या बैंक डिटेल्स प्राप्त कर खाते से रकम उड़ा लेता था।

नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 212/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड की तकनीकी जांच करा रही है ताकि ठगी से जुड़े और नेटवर्क या सहयोगियों का पता लगाया जा सके।

थाना प्रभारी ने बताया कि गोड्डा पुलिस लगातार साईबर अपराध पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चला रही है। हाल के दिनों में जिले के कई क्षेत्रों से साईबर ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस तकनीकी टीम की मदद से ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *