मैट्रिक 2026 में पंजवारा स्कूल का जलवा, श्रेयस ने बनाई जिला टॉप-10 में जगह।
— कई छात्रों ने प्रथम श्रेणी में पास होकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
पंजवारा,बांका/अंग एक्सप्रेस। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम में प्लस टू उच्च विद्यालय, पंजवारा के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर विद्यालय का नाम रोशन किया है। रिजल्ट जारी होते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई देते नजर आए।

इस वर्ष के परिणाम में विद्यालय के मेधावी छात्र श्रेयस कुमार ने 474 अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि पूरे जिले के टॉप-10 छात्रों की सूची में भी अपनी जगह सुनिश्चित की। श्रेयस की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
श्रेयस कुमार, पंजवारा निवासी मनोज सिंह के पुत्र हैं, जो एक ट्यूशन शिक्षक हैं। पिता के मार्गदर्शन और अपने कठिन परिश्रम के दम पर श्रेयस ने यह सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 9 से 10 घंटे नियमित अध्ययन करते थे और पढ़ाई के लिए इंटरनेट का सही उपयोग किया। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। श्रेयस का लक्ष्य भविष्य में मेडिकल क्षेत्र में जाकर समाज सेवा करना है।
विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए उच्च अंक प्राप्त किए हैं। इनमें प्रमुख रूप से गुलशन कुमार (463 अंक), शिवशक्ति कुमार (458 अंक), आशुतोष कुमार (457 अंक), नवीन कुमार (446 अंक), रूपेश कुमार (444 अंक), धनंजय कुमार (444 अंक), श्रेया कुमारी (422 अंक), रोहित कुमार (419 अंक), प्रियांशु कुमार पंडित (416 अंक), रोशन कुमार (415 अंक), लक्ष्मण कुमार (414 अंक), अश्विनी कुमार (406 अंक), अनीश कुमार (406 अंक), अनंत कुमार (405 अंक), आदित्य कुमार (404 अंक), नेहा कुमारी (404 अंक), साहिल कुमार (404 अंक),अनीश भगत (404) तथा राजेश कुमार (401 अंक) कनिष्ठा भारती 377 और कुमकुम कुमारी 300 शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं, जिससे विद्यालय का समग्र परिणाम काफी बेहतर और संतोषजनक रहा है। इस उत्कृष्ट परिणाम ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि सही मार्गदर्शन और मेहनत हो, तो सफलता जरूर मिलती है।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पिंकू कुमारी ने छात्रों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रों की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी और विद्यालय का नाम आगे भी इसी तरह रोशन होता रहेगा।
