निगरानी की कड़ी कार्रवाई: 70 हजार घूस लेते लिपिक और स्टेनो गिरफ्तार।
भागलपुर,न्यूज। सिल्क सिटी भागलपुर में निगरानी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) कार्यालय में कार्यरत लिपिक और स्टेनो को 70 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एक आवेदक से फाइल आगे बढ़ाने और कार्य निष्पादन के नाम पर आरोपियों द्वारा 70 हजार रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया।
निगरानी विभाग की टीम ने तय योजना के तहत जैसे ही रिश्वत की राशि का लेन-देन हुआ, तुरंत छापेमारी कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य कर्मचारियों में भी खौफ देखा गया। निगरानी टीम अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घूसखोरी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
निगरानी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
