सबलपुर स्कूल में इको क्लब कार्यक्रम: बच्चों ने पेंटिंग के जरिए दिया पर्यावरण बचाने का संदेश।
पंजवारा, बांका। थाना क्षेत्र के सबलपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय सबलपुर में बुधवार को इको क्लब के तहत पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार सरकार की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को प्रकृति के महत्व और उसके संरक्षण की जरूरत के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. संदीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुई, जबकि संचालन पिंकी कुमारी ने किया। इस मौके पर शिक्षक दिवेश कुमार सिंह, प्रणय कुमार, यशवंत कुमार, चंदन कुमार, ज्ञानदेव कुमार, विकास कुमार, अनिष कुमार, वीरेंद्र रजक एवं गणेश ठाकुर के साथ-साथ शिक्षिकाएं सारिका कुमारी, लता कुमारी, कुमारी नेहा, नम्रता कुमारी और सबा जमा उपस्थित रहीं।
शिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने छात्रों को पेड़ लगाने, जल बचाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर हम पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9वीं, 10वीं और 11वीं के छात्रों ने पेंटिंग और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति अपनी सोच और जागरूकता को प्रस्तुत किया। बच्चों की बनाई गई पेंटिंग में हरियाली, जल संरक्षण और प्रदूषण रोकने के संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिए।
प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं की समा खातून, शगुफ्ता खातून और मानताशा खातून ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आरती कुमारी (कक्षा 11वीं) को द्वितीय और ज्योति कुमारी (कक्षा 11वीं) को तृतीय स्थान मिला।
कक्षा 9वीं में “Natural Gas” विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में अमित कुमार और कृष्णा कुमार ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रीति कुमारी द्वितीय और काजल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
बिहार दिवस के अवसर पर “जल संसाधन” विषय पर आयोजित गतिविधि में रूपा कुमारी, सिया कुमारी और नेहा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कक्षा 9वीं की काजल कुमारी और रोजी कुमारी की सहभागिता भी सराहनीय रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को शिक्षकों द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को जागरूक बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। साथ ही यह भी बताया गया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे।
