oplus_131090

इंटर साइंस में जिले में दूसरा स्थान, परिवार में खुशी का माहौल।

पंजवारा,बांका। इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही पंजवारा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्लस टू उच्च विद्यालय, पंजवारा के छात्र गुलशन कुमार ने साइंस स्ट्रीम में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में दूसरा स्थान प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है।

गुलशन ने कुल 500 अंकों में से 465 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे इलाके को गौरवान्वित किया है।

धोरैया प्रखंड के रणगांव निवासी शंभू शरण कापरी के नाती गुलशन का पैतृक गांव बौंसी प्रखंड के सिंहेश्वरी में है। वे बचपन से ही अपनी मां और छोटे भाई के साथ ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि उनके पिता रोज़गार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं।

साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि और सीमित संसाधनों के बावजूद गुलशन ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले भी उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में 467 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

गुलशन का सपना है कि वे UPSC परीक्षा पास कर देश की सेवा करें। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी, स्कूल के शिक्षकों और ऑनलाइन पढ़ाई को दिया है।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पिंकू कुमारी सहित सभी शिक्षकों ने गुलशन की सफलता पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों का कहना है कि गुलशन की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक है।

साथ ही, विद्यालय के कई अन्य छात्रों ने भी अच्छे अंक लाकर प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है, जिससे स्कूल का रिजल्ट काफी सराहनीय रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *