मुजफ्फरपुर:
मुजफ्फरपुर जिले के गयाघाट थाना क्षेत्र के चोरनी गांव में हुई हिंसक घटना और एक व्यक्ति की मौत ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने सख्त कार्रवाई की है।
घटना की रात छापेमारी दल में शामिल गयाघाट थानाध्यक्ष राजा सिंह समेत आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवालों के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर, पुलिस टीम पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दो नामजद तथा 15 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसएसपी ने बताया कि ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर की रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में सीआईडी को भी शामिल किया गया है। कई तकनीकी पहलुओं पर सीआईडी से राय मांगी गई है।
इसके अलावा, जिलाधिकारी से पत्राचार कर मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि निष्पक्षता बनी रहे।
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर भी पुलिस सतर्क है। आधा दर्जन से अधिक सोशल मीडिया हैंडलर्स के खिलाफ भ्रामक पोस्ट साझा करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है और जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, गांव में स्थिति नियंत्रण में है और उच्चस्तरीय जांच जारी है।
