फुल्लीडुमर,बांका:
थाना क्षेत्र के कोझी डैम में सोमवार को घोरटप्पी गांव के पास एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के सादपुर निवासी श्रीकांत यादव के रूप में हुई है।

एसडीपीओ अमरपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों के अनुसार श्रीकांत यादव 13 फरवरी को एक रिश्तेदारी में भोज खाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
सोमवार सुबह डैम में एक शव तैरने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि मृतक पिछले तीन वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और कई बार घर से भटक जाने के बाद उन्हें वापस लाया गया था।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की जांच के लिए भागलपुर से एफएसएल की दो सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि स्नान या शौच के दौरान डैम में डूबने से युवक की मौत हुई होगी। मामले की जांच जारी है।
