हंसडीहा–गोड्डा रेल लाइन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन से कटकर दो युवकों की मौत।

हंसडीहा (दुमका): हंसडीहा–गोड्डा रेल लाइन पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन से कटकर दो अज्ञात युवकों की मौत हो गई। यह घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र के बबनखेता और चोरबटीया गांव के बीच रेलवे ट्रैक पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर दो युवकों के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि दोनों शव अलग-अलग स्थानों पर मिले हैं, जिनके बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी बताई जा रही है। इस कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवक एक ही ट्रेन से कटे हैं या अलग-अलग ट्रेनों की चपेट में आए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए दोनों शवों का पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। उन्होंने कहा कि आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा कैसे हुआ। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *