ब्यूरो रिपोर्ट
बिहार,सुपौल:

बिहार में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में शनिवार से 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 125 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। अचानक हुई इस बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। गैस की कीमत बढ़ने के साथ-साथ बुकिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां 14 दिनों के बाद दोबारा गैस बुकिंग की जा सकती थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को 25 दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी हो रही है।

ईद पर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी का दौर शुरू हो गया है, लेकिन महंगाई और आर्थिक अनिश्चितता का असर बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है। सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज, जदिया और कोरियापट्टी के बाजारों में दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों की संख्या कम नजर आ रही है।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से घरेलू खर्च बढ़ गया है, जिससे त्योहार की खरीदारी पर असर पड़ रहा है। वहीं विदेशों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों से इस बार कम पैसे आने के कारण भी बाजारों में खरीदारों की संख्या घटती दिखाई दे रही है।

गृहिणियों का कहना है कि आमदनी कम होने और महंगाई बढ़ने से इस बार ईद की तैयारियों में काफी परेशानी हो रही है। कई परिवारों को जरूरी सामान की खरीदारी भी सोच-समझकर करनी पड़ रही है। महिलाओं का कहना है कि पहले जहां ईद के मौके पर बच्चों के लिए खास सामान आसानी से खरीद लिया जाता था, वहीं इस बार महंगाई के कारण खर्च सीमित करना पड़ रहा है।

बाजार के व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बिक्री में लगातार गिरावट देखी जा रही है। कपड़ा, जूता और किराना दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ पहले की तुलना में काफी कम है। हालांकि दुकानदारों को उम्मीद है कि ईद नजदीक आने के साथ बाजार में कुछ रौनक लौटेगी, लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य नहीं दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *