नाला पर अतिक्रमण से जलनिकासी बाधित, डेढ़ सौ घरों में जलजमाव
धोरैया (बांका)।
धोरैया प्रखंड के रणगांव पंचायत अंतर्गत रणगांव गांव के वार्ड संख्या आठ में नाला के रास्ते पर कथित अतिक्रमण किए जाने से जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाला बंद हो जाने के कारण करीब डेढ़ सौ घरों की आबादी जलजमाव से परेशान है। पिछले करीब ढाई महीने से इलाके में पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों से टोले का पानी इसी नाले के रास्ते निकलता रहा है और जलनिकासी के लिए यहां पुलिया का निर्माण भी कराया गया था। आरोप है कि पुलिया के दूसरी ओर कुछ लोगों ने जमीन को अपना बताते हुए उस पर कब्जा कर लिया और नाला के रास्ते को बंद कर दिया। इसके कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है और आसपास के इलाके में गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका भी जताई जा रही है।
इस समस्या को लेकर वार्ड संख्या आठ के ग्रामीण शिवशंकर पंजियारा, वकील वैध, पंकज कुमार साह, राजेंद्र वैध, मन्नू वैद्य, विकास कापरी, श्यामसुंदर साह, तुलसी पंजियारा, बाबूलाल पंजियारा, नंदनी देवी, पूनम देवी, ममता देवी व जया देवी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड सदस्य विरकांत वैद्य एवं सरपंच प्रतिनिधि जवाहर पंजीयारा ने बताया कि इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन संबंधित अधिकारियों को सौंपा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं मुखिया प्रतिनिधि अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी को दे दी गई है।
इस संबंध में बीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी मिलने के बाद पंचायत सचिव को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

