पटना। बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। Nitish Kumar के पुत्र Nishant Kumar अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। इसको लेकर आज Janata Dal (United) के प्रदेश कार्यालय, पटना में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जदयू के राष्ट्रीय महासचिव Manish Verma ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि नई पीढ़ी के बिना कोई भी कारवां आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि आज पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में प्रवेश का क्षण जदयू परिवार के लिए अत्यंत भावनात्मक और उत्साहजनक अवसर है।
मनीष वर्मा ने कहा कि निशांत कुमार में विनम्रता, सहजता और सादगी कूट-कूट कर भरी है। उन्होंने कभी इस बात का अभिमान नहीं किया कि वे एक बड़े नेता के पुत्र हैं। उनका राजनीति में आना केवल व्यक्तिगत शुरुआत नहीं है, बल्कि जनता दल यूनाइटेड की राजनीति को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की राजनीति में विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने में उनका योगदान अपेक्षित है। पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग पर उनका आगे आना संगठन के लिए सुखद और सकारात्मक बात है।
मनीष वर्मा ने सार्वजनिक जीवन की इस नई पारी के लिए निशांत कुमार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि जदयू परिवार की ओर से उनका हार्दिक स्वागत है।
