एनएच-333ए बाईपास के रैयतों से डीएलएओ ने किया संवाद, मुआवजा भुगतान प्रक्रिया तेज करने के निर्देश।

पंजवारा (बांका):

एनएच-333ए बाईपास परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित जमीन के रैयतों को मुआवजा भुगतान में तेजी लाने को लेकर शनिवार को जिला भू-अर्जन पदाधिकारी (डीएलएओ) रंजीत कुमार पंजवारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रैयतों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा लंबित मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों की जानकारी ली।

रैयतों से बातचीत करते हुए डीएलएओ ने कहा कि जिन लोगों का मुआवजा अभी तक लंबित है, वे जल्द से जल्द आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद मुआवजे की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेज दी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि एनएच-333ए के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन में जिन रैयतों के बीच पारिवारिक या आपसी विवाद है, वे उसे जल्द सुलझा लें। साथ ही अंचल कार्यालय से एलपीसी (LPC) बनवाकर अपने सभी कागजात जिला भू-अर्जन कार्यालय, बांका में जमा करें, ताकि मुआवजा भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।

अधिकारियों ने इस मौके पर रैयतों को भूमि अधिग्रहण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी दी और आश्वासन दिया कि दस्तावेज सही रहने पर मुआवजे का भुगतान जल्द किया जाएगा।

इधर एनएच-333ए बाईपास निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। निर्माण स्थल पर मिट्टी भराई का काम तेज गति से जारी है, जबकि चीर नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

इस अवसर पर भू-अर्जन शाखा की कानूनगो खुशबू गौतम, अमीन श्रवण कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *