पंजवारा चेकपोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई, 156 बोतल विदेशी शराब के साथ टोटो जब्त।
पंजवारा (बांका):
पंजवारा थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट पर मंगलवार को पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान शराब तस्करी का मामला सामने आया। पुलिस ने एक टोटो से 156 बोतल विदेशी शराब बरामद करते हुए वाहन को जब्त कर लिया, जबकि टोटो चला रहे एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि चेकपोस्ट पर नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की दिशा से आ रहे एक टोटो को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर से विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
बरामद शराब में 375 एमएल की 150 बोतल और 750 एमएल की 6 बोतल शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर ही टोटो को जब्त कर लिया। वहीं वाहन चला रहा नाबालिग झारखंड के गोड्डा जिले के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
