रंग, उमंग और भाईचारे के साथ पंजवारा क्षेत्र में मनाई गई होली, निकली भगवान वेंकटेश्वर की शोभायात्रा।

पंजवारा (बांका):
पंजवारा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में रंगों का पर्व होली पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया गया। पर्व के दौरान क्षेत्र में तीन दिनों तक रंग, अबीर-गुलाल और पारंपरिक गीतों की धूम रही। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी और खुशियों का यह त्योहार हंसी-खुशी मनाया।

पंजवारा, सबलपुर, लखपुरा समेत आसपास के गांवों में ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से फाग गीत गाकर होली का आनंद लिया। ढोल और मंजीरे की थाप पर गूंजते फगुआ गीतों के बीच लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर अबीर-गुलाल लगाते रहे। वहीं युवाओं की टोलियां जोगीरा और होली के गीतों पर नाचते-गाते पूरे माहौल को उत्सवमय बनाती नजर आईं।
होली के अवसर पर बुधवार को पंजवारा बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी से भगवान वेंकटेश्वर की शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान की प्रतिमा के साथ पूरे बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान भक्तों ने भगवान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इधर पंचायत समिति सदस्य अनिल पासवान की ओर से फगुआ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति दी गई और लोग देर तक गीत-संगीत पर झूमते रहे।
होली पर्व को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय रहा। पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर गश्त करता रहा। प्रशासन की निगरानी में होली का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

