कॉ. जितेंद्र पासवान को आजीवन कारावास की सजा के विरोध में 16 फरवरी को भागलपुर में भाकपा-माले का प्रदर्शन।
अजय कुमार की रिपोर्ट।
भागलपुर अंग एक्सप्रेस। भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य एवं आरवाईए के राज्य अध्यक्ष कॉ. जितेंद्र पासवान और कॉ. श्रीराम कुशवाहा को गोपालगंज जिला कोर्ट द्वारा हत्या के एक कथित मामले में आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा दिए जाने के विरोध में भाकपा (माले) ने कड़ा विरोध जताया है। पार्टी के नगर प्रभारी एवं ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने इस सजा को अन्यायपूर्ण बताया है।
मुकेश मुक्त ने कहा कि यह मामला राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2020 के विधानसभा चुनाव में भोरे सीट से भाकपा (माले) प्रत्याशी रहे कॉ. जितेंद्र पासवान को चुनाव में हार के बाद बदले की भावना से इस मुकदमे में फंसाया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पार्टी के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने की घटनाएं सामने आई हैं।
उन्होंने बताया कि इस सजा के विरोध में भाकपा (माले) और आरवाईए ने राज्यव्यापी प्रतिवाद दिवस का आह्वान किया है। इसी क्रम में भागलपुर में सोमवार, 16 फरवरी को विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
