*हड़ताल के समर्थन में मजदूर संगठनों ने की सभाएं, दिनभर चलाया वाहन प्रचार अभियान* - ANG EXPRESS NEWS

 

अजय कुमार की रिपोर्ट 

भागलपुर /अंग एक्सप्रेस। लेबर कोड सहित केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों, कारगुज़ारियों के खिलाफ 12 फरवरी की देशव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में मंगलवार को केंद्रीय मजदूर संगठनों ने संयुक्त रुप वाहन प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान भागलपुर शहर और आसपास के सीमावर्ती इलाकों के प्रमुख चौक, चौराहों पर नुक्कड़ सभाएं की गयी। अभियान का नेतृत्व ऐक्टू के जिला संयुक्त सचिव सिकन्दर तांती, सीटू के जिला सचिव दशरथ प्रसाद, इंटक के जिला अध्यक्ष ई. रवि कुमार व सेवा की जिला अध्यक्ष उजरा बानो ने की।संध्या में स्थानीय स्टेशन चौक पर आयोजित सभा को सभी मजदूर संगठनों के प्रमुख नेतृत्वकारियों ने सम्बोधित किया। ट्रेड यूनियनों के नेतृत्वकारियों ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मेहनतकशों पर चौतरफा हमले कर रही है। चार लेबर कोड को लागू कर मोदी सरकार ने मजदूर वर्ग पर एकतरफा युद्ध थोप दिया है। इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए मजदूर संगठनों ने 12 फरवरी 2026 को देशव्यापी आम हड़ताल का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने इस हड़ताल को अपना पुरजोर समर्थन दिया है। समय आ गया है कि मजदूर वर्ग अपने अधिकारों और अस्तित्व को बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई में उतर पड़ें। नेतृत्वकारियों ने भागलपुर के मजदूर वर्ग से अपील किया कि मौजूदा हालात में सभी मिलकर इस मजदूरों के कानूनी सुरक्षा को खत्म करने वाली लेबर कोड्स कानून को रद्द करने के लिए जुझारु एकजुट संघर्षों में उतरें। 12 फरवरी को दिन के 11 बजे भागलपुर स्टेशन चौक आएं और जुलूस–प्रदर्शन में शामिल हों।

सभा को ऐक्टू के राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त, एटक के जिला उपाध्यक्ष मनोहर शर्मा, एआईयूटीयूसी के रवि कुमार सिंह व सीटू के मनोहर मंडल ने सम्बोधित किया।कार्यक्रम में उपरोक्त सहित एटक के जिला महासचिव डॉ. सुधीर शर्मा, एआईयूटीयूसी के जिला संयोजक दीपक कुमार, ऐक्टू के जिला उपाध्यक्ष विष्णु कुमार मंडल, अमित गुप्ता, अमर कुमार, मनोज कृष्ण सहाय, सुभाष कुमार, युवा नेता गौरीशंकर राय व सचिन कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *